
हरिद्वार। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत हरिद्वार पुलिस ने दो उपनिरीक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की है। विभागीय जांच में भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने के बाद कोतवाली गंगनहर में दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर मामले की जांच पुलिस अधीक्षक देहात के नेतृत्व में कराई गई थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
इस मामले में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा अपराध संख्या 421/2026 दर्ज किया गया है। दोनों उपनिरीक्षकों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी हरिद्वार की इस कार्रवाई को विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





