
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 51 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 26 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड आदि से संबंधित समस्याएं दर्ज कराई गईं।

जनसुनवाई में शिकायतकर्ता लाहौर सिंह पुत्र गुलाब सिंह ने चक की पैमाइश एवं चकमार्ग की पैमाइश के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। समस्त ग्रामवासी ग्राम औरंगाबाद द्वारा अत्यधिक वर्षा के कारण ग्राम औरंगाबाद में किसानों की भूमि, ग्राम समाज की भूमि तथा पक्के श्मशान घाट पर हुए कटाव वाले क्षेत्रों में पिचिंग करवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया।
देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति हरिद्वार ने शहीद स्मारक स्थापित करने एवं मिलन केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी अरविंद कुमार पुत्र हरिचंद, ग्राम लालवाला खालसा ने विद्युत विभाग द्वारा मीटर रीडिंग के अनुसार बिजली का बिल न दिए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया।
प्रार्थी ज्ञानवती पत्नी लटूर सिंह, ग्राम टिकोला बाणगंगा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में नाम दर्ज कर आवास योजना का लाभ दिलाए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी नज़बन ने विरासत दर्ज कराने के लिए पिछले सात महीनों से चक्कर काटने की बात बताते हुए जल्द से जल्द विरासत दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
प्रार्थी रमेश चंद्र चौहान ने ग्राम आन्नेकी हेतमपुर, परगना रुड़की में सेक्टर रोड खसरा संख्या 1834, 1839 एवं 1855, जो बड़े काश्तकारों से संबंधित हैं, पर सेक्टर रोड एवं चकरोड को बंद कर खेत में मिला लिए जाने की शिकायत की। उन्होंने उक्त मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
प्रार्थी भुवन जोशी ने कांगड़ी में अत्यधिक वर्षा के कारण टीवीसी वाली गली में अधिक पानी आने से मार्ग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्ग के दोनों ओर नाली न होने के कारण सड़क पर पानी भर गया है। प्रार्थी ने क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
रसूलपुर-मीठीबेरी, लालढांग के ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र दिया गया। इसमें क्षेत्र में झूला पुल की मांग, स्वास्थ्य सुविधाएं, विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने एवं पेयजल आदि समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में जनता द्वारा जो भी समस्याएं दर्ज कराई जा रही हैं, उनका त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता बरते जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है, संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का संबंधित अधिकारी शीर्ष प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का गंभीरता से करें निस्तारण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज समस्याओं की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज की जा रही शिकायतों का सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन में एल-1 स्तर पर 436 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 112 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, डीपीआरओ मुस्तफा खां, लोनिवि अधिशासी अभियंता हरिद्वार योगेश कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।







