
देहरादून। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चल रहे ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की प्रगति को लेकर विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में संचालित करीब 20 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों में से 13 हजार से अधिक केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका लाभ भी दिलाया जा रहा है।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए अधिकारियों को प्रभावी प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृशक्ति, किशोरियों और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे सरकार और लाभार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।






