
लोहाघाट। नशे के बढ़ते प्रभाव, युवाओं की बर्बाद होती जिंदगी और परिवारों की शांति एवं समृद्धि को लीलती नशे की आग को बुझाने का लोहाघाट के आदर्श थाने में आए थानाध्यक्ष ओम प्रकाश एवं एसआई सोनिका जोशी ने बीड़ा उठाया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि यहां नशे का कारोबार करने वाले मौत के सौदागर रहेंगे या हम।
बीस हजार का मोबाइल देने से पहले माता-पिता बच्चे के जीवन को सुरक्षित रखने के लिए दै एक हजार का हेलमेट।
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश का कहना है कि नशे से हंसते-खेलते, फलते-फूलते परिवारों की जो दशा और दिशा होती जा रही है, उसे कोई भी जागरूक समाज बर्दाश्त नहीं कर सकता। वह नशे से पीड़ित परिवारों के दर्द को समझते हैं।
पुलिस एवं पीड़ित परिवार मिलकर नशे के कारोबारियों और इसके थोक व्यापारियों के विरुद्ध ऐसा अभियान चलाना चाहते हैं कि क्षेत्र में नशे की मादक दुर्गंध तक न पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि वर्दी धारण करते समय समाज और राष्ट्र के हितों की रक्षा की शपथ ली जाती है। ऐसे में समाज को बर्बाद करने वाली गतिविधियों को जानते हुए नजरअंदाज करना वर्दी के प्रति अन्याय होगा। पुलिस के लिए राष्ट्र और समाज सर्वोपरि है।
एसओ ने लोगों से अपील की कि वे बगैर वर्दी की पुलिस बनकर नशे के कारोबारियों की गतिविधियों की गुप्त जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।






