
देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन, देहरादून में उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस द्वारा दिए गए सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया।
इससे पहले मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भारत की राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति अधिपत्र को पढ़कर सुनाया, जिसके अनुसार डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरती और यहां की जनता को नमन किया। उन्होंने राज्य की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र है। यह बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे पवित्र चारधामों की भूमि है। यहां आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसे धार्मिक स्थल भी स्थित हैं। उत्तराखंड अपने अद्वितीय पर्यटन स्थलों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ वीरभूमि भी है। यहां लगभग प्रत्येक परिवार से कोई न कोई सदस्य देश की रक्षा के लिए सेना में अपनी सेवाएं देता है। प्रदेश की मातृशक्ति सशक्त और प्रेरणादायी है। यहां के युवा, किसान और समाज के सभी वर्ग कर्मठ एवं मजबूत हैं। यही कारण है कि उत्तराखंड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
डॉ. बिसेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार के प्रांगण से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। इसी विजन को साकार करने के लिए प्रदेश के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना, पद की गरिमा बनाए रखना तथा राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देना शामिल है। देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका परम ध्येय रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास और मदन कौशिक, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और महेन्द्र भट्ट, पूर्व सांसद नरेश बंसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और सविता कपूर, योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के प्रमुख स्वामी चिदानन्द महाराज, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।







