
हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) में एम. श्रीधर ने निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। 57 वर्षीय श्रीधर की नियुक्ति कंपनी के निदेशक मंडल में की गई है। इससे पहले वह बीएचईएल के नई दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यरत थे।
मानव संसाधन क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के साथ श्रीधर कंपनी में एचआर नीतियों, कार्मिक प्रबंधन और रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें विनिर्माण, वाणिज्यिक परिचालन, परियोजना निष्पादन, औद्योगिक संबंध, मानव संसाधन प्रबंधन और कॉर्पोरेट नीति के क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
श्रीधर ने हैदराबाद स्थित सीबीआईटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा, उन्होंने जेएनटीयू, हैदराबाद से सीएडी/सीएएम में एम.टेक तथा एक्सएलआरआई, जमशेदपुर से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडीएम) किया है। उन्होंने वर्ष 1990 में बीएचईएल में अभियंता प्रशिक्षु के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी।
अपने लंबे कार्यकाल के दौरान श्रीधर ने बीएचईएल की हैदराबाद इकाई और कॉर्पोरेट कार्यालय में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने स्टीम टर्बाइन, गैस टर्बाइन और सेंट्रीफ्यूगल कंप्रेसर के विनिर्माण परिचालन के साथ-साथ संविदा प्रबंधन, वाणिज्यिक गतिविधियों, विपणन, उत्पादकता, प्रबंधन सेवाओं, योजना एवं विकास, स्थापना एवं निर्माण, केंद्रीय प्रेषण और औद्योगिक संबंधों से जुड़े कार्यों का नेतृत्व किया।
कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) बनने से पहले वह महाप्रबंधक एवं प्रमुख, कॉर्पोरेट मानव संसाधन के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। कॉर्पोरेट कार्यालय में रहते हुए उन्होंने मानव संसाधन नीतियों के निर्माण एवं क्रियान्वयन, निष्पादन प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने और संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप रणनीतिक पहलों को लागू करने में अहम योगदान दिया।
श्रीधर का विनिर्माण, वाणिज्यिक संचालन और मानव संसाधन प्रबंधन का व्यापक अनुभव बीएचईएल की व्यावसायिक प्राथमिकताओं तथा कर्मचारी-केंद्रित रणनीतियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उनकी नियुक्ति से कंपनी के मानव संसाधन प्रबंधन और संगठनात्मक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।






