
देहरादून। मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष समिति एवं पत्रकार सम्मान पेंशन योजना (कॉर्पस फंड) की बैठक में प्रदेश के पांच मृतक पत्रकारों के उत्तरजीवियों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। कुछ प्रकरणों में छोटी-मोटी त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण करने के बाद स्वीकृति प्रदान किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
बैठक में पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन के चार प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि एक प्रकरण को निरस्त कर दिया गया। सभी प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा करने के बाद निर्णय लिए गए।
पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के चार प्रकरण स्वीकृत, एक निरस्त
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अनुमति से उनकी अनुपस्थिति में एडीजी आशीष त्रिपाठी ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एडीजी के.सी. चौहान, चंद्र सिंह तोमर तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति की सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती शशि शर्मा, अमित शर्मा और गिरीश उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पत्रकार कल्याण कोष एवं पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित विभिन्न प्रकरणों को प्रस्तुत कर उन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में चेतन पांडेय तथा अंकित चौहान ने संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किए।







