
हरिद्वार। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीएचईएल हरिद्वार में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यसंस्कृति और नैतिक मूल्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक कर्मचारी की सजगता, ईमानदारी और पारदर्शिता संगठन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने विभागाध्यक्षों के माध्यम से कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली। कर्मचारियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय सतर्कता आयोग के संदेशों का भी वाचन किया गया।
इस अवसर पर बीएचईएल के महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर नैतिक आचरण, जवाबदेही और पारदर्शिता अपनाने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।





