
हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने आर्टिसन ग्रेड-IV भर्ती-2027 के तहत देशभर की अपनी नौ विनिर्माण इकाइयों में 660 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती में उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित हेवी इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट प्लांट (HEEP) में भी 60 पद शामिल हैं। भर्ती के माध्यम से फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और फाउंड्रीमैन ट्रेड में योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
आईटीआई और नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट धारक कर सकते हैं आवेदन, चयनित अभ्यर्थियों को पहले वर्ष ₹24 हजार मासिक वेतन
बीएचईएल की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 01/2026 के अनुसार, कुल 660 पदों में फिटर के 278, वेल्डर के 104, मशीनिस्ट के 101, इलेक्ट्रीशियन के 90, टर्नर के 52, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के 23 और फाउंड्रीमैन के 12 पद शामिल हैं। रिक्तियों की संख्या संभावित है और आवश्यकता के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है।
हरिद्वार यूनिट में 60 पद
हरिद्वार स्थित HEEP इकाई में कुल 60 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इनमें फिटर के 20, वेल्डर के 6, टर्नर के 5, मशीनिस्ट के 14 और इलेक्ट्रीशियन के 12 पद शामिल हैं। इस इकाई में इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और फाउंड्रीमैन के पद निर्धारित नहीं किए गए हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC/ITI) तथा नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (NAC) होना अनिवार्य है। सामान्य और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए ITI तथा NAC दोनों में कम से कम 60 प्रतिशत अंक, जबकि एससी और एसटी अभ्यर्थियों के लिए दोनों प्रमाणपत्रों में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।
एक अक्टूबर 2026 को सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 27 वर्ष निर्धारित की गई है। ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) को तीन वर्ष तथा एससी-एसटी अभ्यर्थियों को पांच वर्ष की नियमानुसार आयु छूट मिलेगी। संबंधित कार्य अनुभव के आधार पर अधिकतम सात वर्ष तक की अतिरिक्त छूट का भी प्रावधान है, जिसके लिए निर्धारित शर्तें लागू होंगी।
पहले वर्ष ₹24 हजार मासिक वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में एक वर्ष तक अस्थायी आर्टिसन के रूप में रखा जाएगा। इस अवधि में उन्हें ₹24,000 प्रतिमाह समेकित वेतन दिया जाएगा। अस्थायी अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद कंपनी के नियमों के अनुसार नियमितीकरण होने पर उन्हें आर्टिसन ग्रेड-IV के वेतनमान ₹29,500 से ₹65,000 में रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार लागू भत्ते भी देय होंगे।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा और स्किल टेस्ट से चयन
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBE) आयोजित की जाएगी। परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर रिक्तियों के अनुपात में अभ्यर्थियों को स्किल टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में दस्तावेज सत्यापन और स्किल टेस्ट होगा। स्किल टेस्ट केवल अर्हकारी प्रकृति का होगा और अंतिम मेरिट सूची कंप्यूटर आधारित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत तथा ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), एससी और एसटी वर्ग के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को नियमानुसार निर्धारित छूट मिल सकती है।
केवल एक यूनिट और एक ट्रेड के लिए आवेदन
अभ्यर्थियों को ध्यान देना होगा कि सभी पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा एक ही दिन आयोजित की जाएगी। इसलिए प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक विनिर्माण इकाई और एक ट्रेड के लिए आवेदन कर सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित इकाई में ज्वाइनिंग की तारीख से कम से कम 20 वर्ष तक सेवा देनी होगी। इस अवधि में स्थानांतरण या तैनाती स्थल बदलने के अनुरोध पर सामान्यतः विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया, अंतिम तिथि, परीक्षा तिथि और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को बीएचईएल के आधिकारिक करियर पोर्टल https://careers.bhel.in पर जारी विस्तृत अधिसूचना देखने की सलाह दी जाती है।
आवेदन शुल्क: सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए कुल शुल्क ₹1,072 तथा एससी, एसटी, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए ₹472 निर्धारित है। बैंक शुल्क अतिरिक्त हो सकता है।






