
रुड़की। शेरपुर गांव की सैनी पुरम कॉलोनी में राज टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे गद्दे, कुर्सियां, टेंट और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि करीब 12 बजे फायर स्टेशन रुड़की को MDT के माध्यम से गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर अग्निशमन विभाग का हाई प्रेशर वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचने पर आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। हालांकि सोनाली पुल पर हाईट बैरियर होने के कारण अतिरिक्त फायर टेंडर को नगला इमरती के रास्ते करीब 22 किलोमीटर का लंबा वैकल्पिक मार्ग तय करना पड़ा।

आग लगातार विकराल रूप ले रही थी। स्थिति को देखते हुए नेहरू स्टेडियम में तैनात अग्निशमन यूनिट और मंगलौर फायर यूनिट को भी सहायता के लिए बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से मोर्चा संभालते हुए दो होज लाइनों के जरिए पानी की बौछार शुरू की। गोदाम में टेंट, गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के चलते आग बुझाने में काफी चुनौती का सामना करना पड़ा।
इसके बावजूद अग्निशमन कर्मियों ने पूरी तत्परता और साहस के साथ लगातार प्रयास जारी रखे। टीम के बेहतर तालमेल और प्रभावी कार्रवाई से आग को आसपास की इमारतों एवं क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
आग बुझने के बाद भी अग्निशमन टीम ने मौके पर मौजूद जले हुए सामान की जांच की और अंदर छिपी चिंगारियों तथा गर्म स्थानों को ठंडा किया, जिससे दोबारा आग भड़कने की आशंका समाप्त हो सके।
इस अभियान में फायर स्टेशन रुड़की के एफएसओ वंश नारायण यादव, एफएसएसओ विकास चंद्रवाल सहित पूरी टीम तथा मंगलौर फायर यूनिट के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।







