समाचार के साथ प्रयुक्त सांकेतिक चित्र
हरिद्वार/पौड़ी। उत्तराखंड के पीसीएस अधिकारी उत्तम कुमार ने करीब 22 साल की सरकारी सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध नहीं करा पाने का मलाल जताते हुए उन्होंने यह फैसला लिया। राज्य सरकार ने 9 नवंबर 2026 को उनका वीआरएस आवेदन स्वीकार कर लिया।
उत्तम कुमार लंबे समय तक हरिद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला सेवायोजन अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन में थी। उन्होंने इसी वर्ष मई में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था।
फेसबुक पोस्ट में बयां किया रोजगार व्यवस्था को लेकर मलाल
सरकारी सेवा से विदाई के बाद उत्तम कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने लिखा, “जब रोजगार ही नहीं दे पा रहे हो तो काहे के रोजगार अधिकारी रहना।” उनकी इस टिप्पणी के बाद प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था और सेवायोजन विभाग की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
रोजगार मेलों और करियर काउंसलिंग से जुड़े रहे
अपने सेवाकाल के दौरान उत्तम कुमार रोजगार मेलों, करियर काउंसलिंग और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने से संबंधित गतिविधियों से जुड़े रहे। सेवायोजन विभाग की ओर से निजी कंपनियों को आमंत्रित कर रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाते हैं।
उनके वीआरएस लेने और रोजगार व्यवस्था को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा जाहिर करने के बाद युवाओं के रोजगार, उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर और सेवायोजन व्यवस्था की प्रभावशीलता पर बहस तेज हुई है।
आगे की योजना पर स्थिति स्पष्ट नहीं
सरकारी सेवा से अलग होने के बाद उत्तम कुमार आगे किस क्षेत्र में काम करेंगे, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राजनीति में आने की चर्चाएं हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
चित्र: समाचार के साथ प्रयुक्त सांकेतिक चित्र।







