
प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का जन्मदिवस बच्चों को समर्पित है। बच्चों की मासूमियत को फूलों की भाँति समझने वाले नेहरू जी को बच्चे प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर बुलाते थे।
यह वास्तविकता है कि बच्चे ही देश का कल और उज्ज्वल भविष्य हैं। वे ही आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। नेहरू जी बच्चों को पुष्पों के समान मानते थे और कहते थे कि ये फूल हैं, इन्हें खिलने दो! इन्हें खुले आकाश में उड़कर दिखाना है।
प्यार से बच्चे को समझाओ तो वह सहज ही मान जाता है, इसलिए बच्चों को निरंतर सकारात्मक प्रेरणा देते रहना चाहिए। आज अधिकतर बच्चे विद्यालयों में किताबी ज्ञान तो खूब प्राप्त कर रहे हैं, परंतु उनमें नैतिक शिक्षा की कमी देखने को मिलती है। नैतिक शिक्षा बच्चों में सदाचार, मानव सेवा तथा सही और गलत की समझ विकसित करती है। अध्यापकों और अभिभावकों को बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास का यह प्रयास हमेशा करते रहना चाहिए।
हमें सदैव यह कोशिश करनी चाहिए कि बच्चों में कुछ न कुछ नया सीखने की उत्सुकता बनी रहे, क्योंकि जिज्ञासा ही बच्चे को जीवन में आगे बढ़ाती है।
आज संसार में झूठ, धोखा और संवेदनहीनता बढ़ रही है, फिर भी हमें भावी नागरिकों में मानवीय संवेदना जगानी ही होगी। केवल बाल दिवस पर ही नहीं, बल्कि वर्ष भर निरंतर हमें यह प्रयास करना चाहिए कि हम हर बच्चे को प्यार, उचित शिक्षा और अच्छे संस्कार देकर एक श्रेष्ठ नागरिक बनाएँ।
ममता साहू
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
कांकेर (छत्तीसगढ़)





