कन्नौज में पानी की टंकी पर चढ़े युवक को समझाती पुलिस
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक अपनी साली से शादी कराने की मांग कर रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब तीन घंटे तक समझाइश और मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पूराराय का है। युवक की पहचान रोहित उर्फ बाबू के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी करीब एक वर्ष पहले घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद युवक ने अपनी साली से विवाह करने की इच्छा जताई थी, लेकिन ससुराल पक्ष इसके लिए तैयार नहीं था।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ने के बाद युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और अपनी मांग पर अड़ा रहा। युवक को टंकी पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।







