
कांकेर/चरभट्टी, (छ.ग.)। शासकीय प्राथमिक शाला चरभट्टी में शाला-समुदाय समन्वय तथा सामाजिक सहभागिता की सुंदर मिसाल देखने को मिली। शाला की होनहार छात्रा महक उईके के जन्मदिन के अवसर पर उनके पालक श्री प्रद्युम्न उईके एवं श्रीमती रूपरेखा उईके द्वारा न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस पहल से विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा आयोजित न्योता भोज में प्राथमिक शाला चरभट्टी, बालक आश्रम चरभट्टी एवं आंगनबाड़ी केंद्र के समस्त बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों को एक साथ बैठाकर स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया। भोज में खीर, पूड़ी, मटर-पनीर, आलू-चना-बरबटी की सब्जी, दाल-भात, मिक्सचर और केक परोसा गया। केक काटकर छात्रा महक के साथ सभी बच्चों ने खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए नैतिक शिक्षा, अनुशासन, अच्छे संस्कार तथा शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।

वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस तरह के सामूहिक आयोजन बच्चों में आपसी प्रेम, सहयोग व सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। शाला परिवार की ओर से छात्रा महक उईके को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना की गई। शिक्षकों ने कहा कि न्योता भोज केवल भोजन कराने की पहल नहीं, बल्कि बच्चों के साथ अपनत्व एवं सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का माध्यम भी है।
पालकों की यह पहल अन्य अभिभावकों को भी विद्यालय से जुड़कर सहयोग करने के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम में शिक्षिका एवं लेखिका-कवयित्री ममता साहू, कामिनी गंजीर, संतोषी रामटेके, ममता गावड़े, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिवबत्ती उईके, अमीना मरकाम, सोनबत्ती उईके, सचिव गुप्तेश्वरी गुरु, ईश्वरी उईके, रोशनी शोरी, वंदना उईके, लालेश्वरी कुंजाम, रामकुमार मंडावी, चमरू राम, कोटवार कुलदीप, राजेश मंडावी, चंद्रभान नुरेटी एवं ओमकार सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







