
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। रावली महदूद निवासी अर्जुन ने अपनी माता चांदो देवी के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी में जमा नहीं किए जाने की शिकायत की। वहीं ग्राम गंगदासपुर के विस्थापित परिवारों ने फेरूपुर कठिया में आवंटित प्लॉटों पर कब्जे के प्रयास की शिकायत करते हुए पैमाइश कराने की मांग की।
सलेमपुर महदूद निवासी चमन चौहान ने होलिका दहन स्थल और विद्यालय के निकट अवैध मीट की दुकानों को बंद कराने तथा स्कूलों के बाहर और गांव के अन्य स्थानों पर कूड़े की समस्या के समाधान की मांग उठाई। समता सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने तथा पंकज राणा ने सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में खसरा संख्या 1772 की सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जा हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






