
पौड़ी। हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला कार्यालय पौड़ी में जिला उपाध्यक्ष एवं श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी श्री रवींद्र प्रसाद जुयाल ‘बोड़ा जी’ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से श्री कुलदीप कुमार को पौड़ी नगर अध्यक्ष, श्री जयपाल सिंह नेगी को खिरसू ब्लॉक अध्यक्ष और श्री सूरज सिंह नेगी को पौड़ी ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने सभी नवनियुक्त नगर एवं ब्लॉक अध्यक्षों, पार्टी में सम्मिलित हुए श्री संदीप सिंह रावत, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं श्री डांडा नागराजा तीर्थधाम के पूर्व अध्यक्ष श्री शशिकांत चमोली तथा थलीसैंण ब्लॉक अध्यक्ष श्री बालम सिंह नेगी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर पार्टी का चुनाव चिन्ह लैपटॉप भी कार्यकर्ताओं के सामने लॉन्च किया गया।

प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने पार्टी की रीति-नीति समझाते हुए कहा कि अब पार्टी अन्य पार्टियों के मुकाबले किसी प्रसिद्धि की मोहताज नहीं है। पार्टी को लैपटॉप चुनाव चिन्ह मिलते ही आने वाले चुनाव के लिए प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने लगी है। अब चुनाव चिन्ह और प्रत्याशी की पहचान घर-घर और जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक क्रांतिवीर की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश की दो मुख्य राष्ट्रीय पार्टियां प्रदेश को खोखला कर विकास के मुद्दे से भटकाने के लिए एक-दूसरे पर चारित्रिक हनन के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रही हैं, वहीं हिमालय क्रांति पार्टी जनता के उज्ज्वल भविष्य की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी विधायक और सांसद अपनी विवेकाधीन निधि का उपयोग चुनावों को प्रभावित करने के लिए आजकल गांवों में मिठाई, साड़ी, ढोलक-चिमटा, बर्तन और कपड़े बांट रहे हैं, जबकि इन निधियों का उपयोग जनता की नितांत आवश्यकता वाले विकास कार्यों पर खर्च किया जाना चाहिए।

सभी नवनियुक्त अध्यक्षों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की बात कही और उन्हें इस प्रकार की जिम्मेदारी देने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला उपाध्यक्ष एवं श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी श्री रवींद्र प्रसाद जुयाल ‘बोड़ा जी’ ने कहा कि चुनाव लड़कर हंगामा खड़ा करना पार्टी का मकसद नहीं है, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए पार्टी चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हिमालय क्रांति पार्टी में केवल प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रहा है, बल्कि प्रत्येक क्रांतिवीर इस समय चुनाव मैदान में है। उन्होंने सभी नवनियुक्त अध्यक्षों व पार्टी में शामिल हुए नवागंतुकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि सभी के प्रयास पार्टी को विजय की ओर अग्रसर करेंगे।

बैठक का संचालन जिला महासचिव श्री पपेंद्र सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष एवं श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी श्री रवींद्र प्रसाद जुयाल ‘बोड़ा जी’, जिला महासचिव श्री पपेंद्र सिंह रावत, कोट ब्लॉक अध्यक्ष श्री रमेश सिंह बेलवाल, महासचिव श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, पौड़ी नगर अध्यक्ष श्री कुलदीप कुमार, उपाध्यक्ष श्री सुरेश चमोली, महासचिव श्री विपिन कुकरेती, कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती नागी देवी व श्रीमती रेखा देवी, थलीसैंण ब्लॉक अध्यक्ष श्री बालम सिंह नेगी, पौड़ी ब्लॉक अध्यक्ष श्री सूरज सिंह नेगी, श्री संदीप रावत, श्री देवेंद्र सिंह गुसाईं, श्री शशिकांत चमोली व श्री शिव पांडे आदि उपस्थित रहे।







