देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आईटीआई की राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए विभागीय पोर्टल विकसित करने में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा उचित प्रशिक्षण, अवसर और मंच मिलने पर दुनिया के किसी भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर 10वां स्थान प्राप्त किया, जो भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उत्तराखण्ड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर तथा 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। कौशल विकास, आधुनिक आईटीआई, खेल और रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के तहत पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। राज्य गठन के बाद से अब तक लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। उन्होंने युवाओं से कौशल, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, सचिव श्री सी. रविशंकर, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







