
टिहरी/रुद्रप्रयाग, 17 नवंबर। उत्तराखंड में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुए पांच अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों में हुई इन दुर्घटनाओं में कुल 17 लोगों की मौत और 38 लोगों के घायल होने की सूचना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसों पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
गूलर में बस नदी में गिरी, 9 यात्रियों की मौत
सबसे बड़ा हादसा टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में गूलर बाजार के पास हुआ। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्री बस गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। अधिकारियों के अनुसार बस में 34 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हुई और 25 घायल यात्रियों को एम्स ऋषिकेश में उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
टिहरी में तीन अन्य हादसे
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के पावकीदेवी क्षेत्र में बांसकाटल के पास एक यूटिलिटी कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और सात लोग घायल हुए। शिवपुरी क्षेत्र में स्कूटर दुर्घटना में दो युवकों की जान गई। वहीं घनसाली क्षेत्र में चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर भटेडी बैंड के पास स्कूटर और ट्रक की भिड़ंत में स्कूटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस तरह टिहरी जिले में चार दुर्घटनाओं में 13 लोगों की जान गई।
रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरी
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर पोखरी से रांसी जा रही बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन में 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत और छह लोग घायल हुए। एसडीआरएफ, जिला आपदा प्रतिवादन बल और स्थानीय प्रशासन ने रातभर अभियान चलाकर सभी लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अगस्त्यमुनि के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चार को उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन की ओर से राहत, उपचार और आवश्यक सहायता की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कर रही हैं।






