प्रतीकात्मक चित्र
गांधीनगर, 22 नवंबर। नौकरी तलाशने वालों, नियोक्ताओं और कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के लिए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने NCS ONE पोर्टल शुरू किया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने दो दिवसीय श्रम एवं रोजगार मंत्रियों के चिंतन शिविर के दूसरे दिन इसे लॉन्च किया।
Open Network for Employment के तहत जॉबसीकर और नियोक्ता ऐप, राज्य रोजगार पोर्टल, निजी जॉब प्लेटफॉर्म तथा शैक्षणिक परिसरों को एक नेटवर्क से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। पोर्टल में वॉयस बॉट और चैट बॉट की सुविधा भी जोड़ी गई है।
इसके साथ शुरू किया गया Occupational Shortage Index (OSI) अलग-अलग पेशों में श्रम की मांग और उपलब्धता के अंतर का आकलन करेगा। इससे अभ्यर्थियों को करियर चुनने, कंपनियों को भर्ती योजना बनाने और प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योग की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मंत्रालय ने e-Shram Livelihood Profile Module भी शुरू किया है। इसमें श्रमिकों की आजीविका के साथ खाद्य, स्वास्थ्य, जीवन बीमा, दुर्घटना एवं दिव्यांगता सुरक्षा और पेंशन से जुड़ी पांच सामाजिक सुरक्षा व्यवस्थाओं का विवरण शामिल होगा।
जयपुर, लुधियाना, भुवनेश्वर, कानपुर, बेंगलुरु, वाराणसी, हैदराबाद और गुवाहाटी में आठ करियर लाउंज वर्चुअली शुरू किए गए। मंत्रालय ने रोजगार एक्सचेंजों, विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में 200 ऐसे केंद्र विकसित करने की योजना बताई है, जिनमें करियर परामर्श, कौशल आकलन, मेंटरिंग, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप सहायता मिलेगी।
अभ्यर्थी ncs.gov.in पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। NCS हेल्पलाइन 1514 है। नौकरी या इंटरव्यू के नाम पर किसी को पैसा देना जरूरी नहीं है।







