मतदाता सूची सत्यापन का सांकेतिक चित्र
देहरादून, 22 नवंबर। देहरादून जिले की प्रारूप मतदाता सूची में 12 लाख 28 हजार 746 मतदाता दर्ज हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सूची में नाम, पता, पिता का नाम और अन्य विवरणों की जांच में कोई लापरवाही न हो।
12 नवंबर को जारी ड्राफ्ट रोल में 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। अक्टूबर में चले विशेष अभियान के दौरान 35,883 नए नाम जुड़े, जबकि 1,934 प्रविष्टियां हटाई गईं।
समीक्षा बैठक में 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 109 मतदाताओं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। डुप्लीकेट नामों को नियमों के अनुसार अलग करने और गलत प्रविष्टियों में सुधार के लिए फॉर्म-8 प्राप्त करने को कहा गया।
मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 11 दिसंबर तक स्वीकार की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा करने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची जारी की जाएगी। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष के होने वाले युवा फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने का आवेदन कर सकते हैं।
नागरिक अपना नाम electoralsearch.eci.gov.in पर देख सकते हैं। मतदाता हेल्पलाइन 1950 से भी जानकारी ली जा सकती है।






