
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। बांसवाड़ा-मोहंखाल मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मनसूना का त्रिदिवसीय मद्महेश्वर मेला एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। हादसे में रांसी गांव के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही बोलेरो वाहन भट्टवारी-कण्डारा के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में जनहानि से क्षेत्र में शोक का माहौल है। इसी को देखते हुए मनसूना के त्रिदिवसीय मद्महेश्वर मेले के आयोजकों ने मंगलवार के दिन और रात्रि संध्या के कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है। मेला समिति के अध्यक्ष संजय मनवाल ने बताया कि दुखद घटना को देखते हुए मंगलवार को मेले के कार्यक्रम नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि मेले के तीसरे और अंतिम दिन कार्यक्रम पुनः शुरू किए जाएंगे, जिनमें रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
मेला समिति अध्यक्ष संजय मनवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में समिति प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
उन्होंने भगवान केदारनाथ से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
यह समाचार उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।



