
बहादराबाद। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खाण्ड गांव में आज प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहादराबाद ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आशाबाला नेगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में खण्ड शिक्षा अधिकारी/उप शिक्षा अधिकारी श्री भानु प्रताप शर्मा उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों ने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर एवं सम्मान चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र पारस नौटियाल को Jawahar Navodaya Vidyalaya में चयनित होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं अंश चौहान, देवांशी और अंशिका पैन्यूली को मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी योजना में चयनित होने पर सम्मान मिला।
इसके साथ ही खाण्ड गांव की छात्राएं सिमरन, वंदना और पायल को वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खण्ड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप शर्मा ने विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षिक स्तर, भौगोलिक वातावरण और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। वहीं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आशाबाला नेगी ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष श्री अश्वनी चौहान ने विद्यालय के बेहतर शैक्षिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए ग्रामवासियों से अधिक से अधिक बच्चों का नवप्रवेश कराने की अपील की। ग्राम प्रधान श्रीमती पार्वती बुटोला ने भी शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक अध्यापक सुन्दर पाल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर शिक्षक संगठन के पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




