करियर काउंसलिंग गोष्ठी में विद्यार्थियों को संबोधित करते जिलाधिकारी
उत्तरकाशी। राज्य स्थापना वर्ष 2026 के अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान की छठवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के ऑडिटोरियम में करियर काउंसलिंग एवं संवाद गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उनके सपनों, प्रतिभा और करियर को सही दिशा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। विद्यार्थियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा, प्रांतीय सिविल सेवा, शिक्षा, वन एवं वानिकी, भारतीय सेना, स्वास्थ्य, खेल और संगीत सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता के लिए आवश्यक रोडमैप साझा किया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि नशा व्यक्ति को उसके सपनों से दूर ले जाता है, जबकि शिक्षा, संकल्प और सही मार्गदर्शन उसे लक्ष्य के करीब पहुंचाते हैं। युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। नशे की गिरफ्त में आने से व्यक्ति का भविष्य ही नहीं, परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति भी प्रभावित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, समय का सदुपयोग, निरंतर सीखने, आत्मविश्वास, धैर्य और संयम अपनाने की सलाह दी।
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने, माता-पिता और अच्छे मित्रों के संपर्क में रहने तथा पुस्तकों को अपना मित्र बनाने की सलाह दी। उन्होंने टाइम मैनेजमेंट और अच्छी पुस्तकों के अध्ययन पर जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य विभाग में करियर विकल्पों की जानकारी दी।

सेवानिवृत्त मेजर आर.एस. जमनाल ने सेना में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित व्यायाम, योग और शारीरिक दक्षता का महत्व समझाया। अन्य विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों तथा तैयारी के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया।

संवाद सत्र में छात्राएं सरण्य थपलियाल और कुमुद पंवार तथा छात्र केशव नौटियाल ने विद्यार्थियों की ओर से सवाल रखे। अन्य छात्र-छात्राओं ने भी करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं पर अधिकारियों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को करियर विकल्पों की जानकारी देती हैं और लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं को अभियान के संदेश से जुड़ी टी-शर्ट, कप और मोमेंटो भी वितरित किए गए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा, डिप्टी एसपी जनक पवार, प्राचार्य पंकज पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, उपनिदेशक मत्स्य नितेश, सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव, एसडीओ वन सुनील बलूनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, सेवानिवृत्त मेजर आर.एस. जमनाल, गंगोत्री फिजिकल अकादमी के संस्थापक चंद्र मोहन पंवार तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम मनेरा के कोच मनीष एवं सुश्री कृतिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी अपर/सहायक समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि नशे से दूरी, शिक्षा से जुड़ाव, सकारात्मक सोच, अनुशासन और सही करियर मार्गदर्शन ही उज्ज्वल भविष्य एवं सशक्त समाज के निर्माण का आधार हैं।
कार्यक्रम के वीडियो
नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी की वीडियो झलकियां:







