
भगवानपुर दोहरा हत्याकांड: एसएसपी का कड़ा प्रहार, चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित।
भगवानपुर/हरिद्वार। थाना भगवानपुर के ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती के बाद हुए खूनी संघर्ष और दो लोगों की मौत के मामले में हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और सूचना के बावजूद मौके पर न पहुंचने के कारण एसएसपी ने तेज्जुपुर चौकी प्रभारी, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या था मामला बीती 01 फरवरी 2026 को ग्राम बिनारसी में दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे।
जांच में खुली लापरवाही की पोल मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद संबंधित पुलिसकर्मी न तो समय पर मौके पर पहुंचे और न ही उन्होंने उच्चाधिकारियों को समय रहते स्थिति से अवगत कराया।
”लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं” — एसएसपी एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि:
”जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील घटनाओं में त्वरित कार्रवाई पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।”
- निलंबन तेज्जुपुर चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड।
आदेश सभी थानों को ‘क्विक रिस्पांस’ और सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश।
स्थिति पुलिस विभाग में हड़कंप, मामले की गहन जांच अभी भी जारी।




