
गंगा पूजन के साथ SSP नवनीत सिंह ने संभाली धर्मनगरी की कमान।
हरिद्वार। उत्तराखंड शासन द्वारा पुलिस महकमे में किए गए बड़े फेरबदल के बाद, नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिले की कमान संभालने से पूर्व उन्होंने हरिद्वार की मर्यादा और परंपरा के अनुसार हर की पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया और आशीर्वाद लिया।
एसटीएफ से अब हरिद्वार की सुरक्षा का जिम्मा गौरतलब है कि शुक्रवार शाम उत्तराखंड शासन ने 8 जनपदों के कप्तानों के तबादले किए थे। इसी क्रम में उत्तराखंड एसटीएफ (STF) के कमान संभाल रहे तेजतर्रार अधिकारी नवनीत सिंह को हरिद्वार जिले की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को हर की पैड़ी पहुंचने पर श्री गंगा सभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें विशेष पूजन संपन्न करवाया।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा होगी प्राथमिकता कार्यभार संभालने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शाम 5 बजे सीसीआर (CCR) भवन स्थित मेला नियंत्रण कक्ष में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्मनगरी की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आगामी आयोजनों को सुरक्षित संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
गंगा पूजन चार्ज लेने से पहले मां गंगा से सुख-शांति की कामना की।
अनुभव एसटीएफ में रहते हुए अपराधियों पर नकेल कसने का लंबा अनुभव।
कार्ययोजना जनपद की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर नई रणनीति पर जोर।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस जनता के साथ मिलकर काम करेगी और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।




