
हरिद्वार। हरिद्वार के प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर संवाद किया। केंद्रीय मंत्री ने इसे देश की जरूरत बताते हुए बार-बार होने वाले चुनावों को विकास की गति में बाधक बताया। उन्होंने संत समाज से इस विषय पर जनजागरण में सहयोग करने का आह्वान किया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लगातार चुनाव होने से समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों का बड़ा हिस्सा चुनावी प्रक्रिया में खर्च होता है। स्कूलों के शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और अन्य कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगने से विकास और जनसेवा के कार्य भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने से संसाधनों की बचत होगी और प्रशासन विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेगा।


केंद्रीय मंत्री ने संत समाज से अपील की कि वे अपने प्रवचनों और जनसंवाद के माध्यम से ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के विचार को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा मुद्दा है। देश सर्वोपरि है और देश आगे बढ़ेगा तो सभी राजनीतिक दल भी मजबूत होंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने ‘वंदे मातरम’ के पूरे स्वरूप का समर्थन करने की भी अपील की। उन्होंने इसे देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया तथा कहा कि भारत को अब किसी भी प्रकार से विभाजित नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ा राष्ट्रीय विषय है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनावों के कारण आचार संहिता लागू होने से प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, पुलिस और सुरक्षा बलों को चुनावी दायित्वों में लगाया जाता है। एक साथ चुनाव होने से सार्वजनिक धन और संसाधनों की बचत के साथ प्रशासन को विकास कार्यों के लिए अधिक समय मिलेगा।

धामी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए विकास की निरंतर गति जरूरी है। शासन का अधिकतम समय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास में लगना चाहिए। उन्होंने संत-महात्माओं से इस विषय पर समाज का मार्गदर्शन करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद महाराज ने किया। इस अवसर पर डॉ. हरिहरानंद महाराज, महंत मंगलदास महाराज, गोपालदास महाराज, जसविंदर दास महाराज, योगी ऋषि आशुतोष महाराज, स्वामी रामदेव महाराज, श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज, स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज, श्रीमहंत हरिगिरि महाराज, साध्वी प्राची, महंत दाती महाराज, प्रमोद कृष्णम महाराज, महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश, महामंडलेश्वर ज्ञानदास, महामंडलेश्वर ललितानंद, स्वामी यतीश्वरानंद महाराज, महंत दुर्गादास सहित विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मेयर किरण जैसल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश संयोजक आदित्य चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री नितिन गौतम, राज्य मंत्री आदेश सैनी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं संत समाज उपस्थित रहा।







