
हरिद्वार। जनपद में समाज विरोधी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस ने गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आदतन अपराधी मनीष को जिला बदर किया है।

पुलिस के अनुसार मनीष पुत्र सीताराम, निवासी ग्राम पंजानहेड़ी, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष के विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। मामले में पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, हरिद्वार ने उसके विरुद्ध जिला बदर के आदेश पारित किए।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 14 नवंबर 2026 को कोतवाली कनखल पुलिस ने नियमानुसार आदेश की तामील कराई और मनीष को जनपद हरिद्वार की सीमा से बाहर कर जिला बदर की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी रानीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में की गई।







