
अधिकारियों को शिकायतों के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश, कार्तिकेय सिंह तोमर ने पाया प्रथम स्थान और युग सिंह तोमर रहे थर्ड रनर-अप
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड और अपने निजी आवास पर आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर भी चर्चा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री के निजी आवास पर महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के विद्यार्थी कार्तिकेय सिंह तोमर और युग सिंह तोमर ने भेंट की। कार्तिकेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि युग थर्ड रनर-अप रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, हिमांशु बिष्ट, सूरज धामी, रणदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय तथा यूसीमास उत्तराखंड के स्टेट ओनर्स धर्मेंद्र कुमार एवं ममता तोमर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







