प्रतीकात्मक चित्र
देहरादून। उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का आंदोलन तेज हो गया है। 365 दिन रोजगार और होमगार्ड जवानों के समान वेतन एवं सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे जवानों ने युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में तालाबंदी कर दी। इस दौरान अधिकारियों को कार्यालय के भीतर ही रोक दिया गया।
लाठीचार्ज के बाद बढ़ा आक्रोश
जवानों का आक्रोश मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान हुए लाठीचार्ज के बाद और बढ़ गया। 18 नवंबर को अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे पीआरडी जवानों को हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग पर रोका गया था। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की एवं तनाव की स्थिति बनी और पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
इसके अगले दिन 19 नवंबर को जवानों ने युवा कल्याण निदेशालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्यालय में तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को अंदर रोके जाने की सूचना सामने आई। जवानों का कहना है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें पूरे वर्ष काम की गारंटी और नियमित रोजगार जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
365 दिन रोजगार और समान वेतन की मांग
पीआरडी जवानों की प्रमुख मांग है कि उन्हें साल के सभी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही वे होमगार्ड जवानों के समान वेतन, मानदेय और अन्य सुविधाएं दिए जाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिम्मेदारियों और ड्यूटी की प्रकृति को देखते हुए सेवा शर्तों में सुधार किया जाना चाहिए।
मंत्री ने की प्रतिनिधियों के साथ बैठक
इधर, विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने 19 नवंबर को सचिवालय में वित्त विभाग और पीआरडी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मांगों पर चर्चा की। मंत्री की ओर से मांगों का तकनीकी और विधिक परीक्षण कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही गई।
फिलहाल जवान अपनी मांगों पर ठोस निर्णय की अपेक्षा कर रहे हैं। आंदोलन और विभागीय स्तर पर चल रही वार्ता के बीच सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार पीआरडी जवानों की मांगों पर क्या निर्णय लेती है।





