प्रतीकात्मक चित्र
देहरादून, 20 नवंबर। नैनीताल समेत उत्तराखंड के चार जिलों में 22 नवंबर को विशेष उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस चरण में टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल के पांच वर्ष तक की आयु के करीब 2.56 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की तैयारी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की राज्य स्तरीय टास्क फोर्स ने 19 नवंबर को अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता एनएचएम निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित बूथों पर टीकाकरण होगा।
पहाड़ी इलाकों में 1,466 बूथ
चारों जिलों में अभियान के लिए कुल 2,053 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1,466 पर्वतीय और 587 मैदानी क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे। बूथ दिवस के बाद 23 से 28 नवंबर तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से कहा है कि पहले खुराक ले चुके बच्चों को भी इस दौर में पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। अभियान की पहुंच प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों, शहरी बस्तियों और दूरस्थ गांवों तक सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग भी अभियान में सहयोग करेंगे। अभिभावक 22 नवंबर को अपने पांच साल तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर इस अभियान में भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।






