पूर्व लोकपाल एवं बाल कल्याण समिति सदस्य सुनीता चौधरी
हरिद्वार। बाल दिवस के अवसर पर पूर्व लोकपाल एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी ने बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और समग्र विकास को लेकर प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का अवसर है। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि आज के बच्चे कल के भारत का निर्माण करेंगे। यह निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भयमुक्त वातावरण मिले।
सुनीता चौधरी ने कहा कि बाल कल्याण समिति में कार्य करते हुए उन्होंने देखा है कि आज भी कई बच्चे बाल श्रम, कुपोषण, भिक्षावृत्ति, शारीरिक शोषण और शिक्षा से वंचित होने जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उनके अनुसार किसी भी सभ्य समाज की प्रगति का वास्तविक पैमाना इस बात से तय होता है कि वह अपने बच्चों के साथ कैसा व्यवहार करता है।
उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए केवल कानून पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज की सामूहिक जागरूकता और सहयोग भी आवश्यक है। हर बच्चे को प्यार, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। जब हम एक बच्चे की मुस्कान की रक्षा करते हैं, तो वास्तव में पूरे राष्ट्र के भविष्य की रक्षा करते हैं।
सुनीता चौधरी ने कहा कि माता-पिता, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासन को मिलकर ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना होगा, जहां कोई भी बच्चा असुरक्षित महसूस न करे। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने बाल दिवस पर अपील की कि बच्चों को केवल उपहार देने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें बेहतर, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य देने का संकल्प लें।





