
आधुनिक हाथ ठेली उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्थलों के नजदीक वेंडिंग जोन बनाने की मांग को लेकर उपनगर आयुक्त को सौंपा प्रतिवेदन
हरिद्वार। रेड़ी-पटरी के लघु व्यापारियों को आधुनिक हाथ ठेली उपलब्ध कराने तथा कुंभ मेला-2027 के विकास कार्यों में उन्हें प्राथमिकता देने की मांग को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उपनगर आयुक्त दीपक कुमार गोस्वामी से मुलाकात कर प्रतिवेदन सौंपा।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के आह्वान पर बस अड्डा, रेलवे रोड और अपर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों के लघु व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने यह मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम में पंजीकृत तथा प्रशासन से अधिकृत लाइसेंस एवं विक्रय प्रमाण पत्र प्राप्त स्ट्रीट वेंडर्स शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति के प्रावधानों के अनुरूप अपने कारोबारी स्थानों पर चलती-फिरती आधुनिक हाथ ठेली उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर उपनगर आयुक्त दीपक कुमार गोस्वामी ने आश्वासन दिया कि नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम प्रशासन द्वारा विक्रय प्रमाण पत्र एवं कारोबारी लाइसेंस प्राप्त स्ट्रीट वेंडर्स की सूची निर्धारित कर नियमानुसार व्यवस्थाएं बनाने की कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर संजय चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा लाइसेंसधारी लघु व्यापारियों को आधुनिक हाथ ठेली उपलब्ध कराने की पहल की जानी चाहिए। इससे रेड़ी-पटरी के व्यापारी भयमुक्त और शोषणमुक्त वातावरण में स्वरोजगार कर सकेंगे तथा उन्हें अपने कारोबार को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर मेला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन द्वारा विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों में नगर निगम में पंजीकृत लघु व्यापारियों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों के नजदीक छोटे-छोटे वेंडिंग जोन विकसित कर लघु व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से कारोबार करने के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।
संजय चोपड़ा ने कहा कि नगरीय फेरी नीति के अनुरूप लघु व्यापारियों के लिए उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना उनके स्वरोजगार और आजीविका को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
इस दौरान उपनगर आयुक्त से मुलाकात कर मांगों को रखने वालों में लालचंद गुप्ता, कमल सिंह, विजय कुमार, नरसिंह, कपिल सिंह, विकास, अजय कुमार, अनूप, चंदन रावत, विजय शर्मा, मनीष, भोला यादव, नूर मोहम्मद, आजम, किशन शर्मा, जय सिंह बिष्ट और ओम प्रकाश सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।



