टनकपुर में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान
टनकपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर चल रहे विशेष साप्ताहिक जागरूकता अभियान ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ के तहत सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम के साथ तहसील पूर्णागिरि के टनकपुर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।

स्कूली बसों और यात्री वाहनों के दस्तावेजों की जांच
अभियान के दौरान पिथौरागढ़ चुंगी, पीलीभीत चुंगी और टनकपुर-सितारगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूली बसों, वैन, कैब, दोपहिया वाहनों और यात्री बसों की जांच की गई। टीम ने वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, पंजीकरण प्रमाण पत्र, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र व प्राथमिक उपचार पेटी जैसे सुरक्षा उपकरण और निर्धारित यात्री क्षमता के पालन की जांच की। दस्तावेजों की कमी या नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार चालान किए गए और वाहन चालकों व स्वामियों को सभी दस्तावेज पूरे रखने तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
चालान के बाद आधा दर्जन चालकों को दिए हेलमेट
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। इस दौरान एक सराहनीय पहल करते हुए टीम ने अपनी यात्रा को जोखिम में डालकर बिना हेलमेट चल रहे आधा दर्जन दोपहिया चालकों का चालान करने के बाद उन्हें प्रेरणा स्वरूप हेलमेट भी उपलब्ध कराए, ताकि वे आगे सुरक्षित यात्रा कर सकें।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन संचालन को बढ़ावा देना है। सचिव ने सड़क पर अराजकता फैलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सुचारु यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। अभियान में तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर/बनबसा) के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने भी सक्रिय भागीदारी की।





