
देहरादून, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी और यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत-अभिनंदन कर अभियान की सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की 47 दिनों की साइकिल यात्रा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध साझा सांस्कृतिक विरासत तथा रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. जोशी का संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को अभिव्यक्त करता है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारी है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।

उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है। ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन कर विकास एवं पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में उपयोगी हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों, जैव विविधता और समृद्ध प्राकृतिक संपदा से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल कर कार्य कर रही है। नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनभागीदारी से आगे बढ़ाना सरकार का संकल्प है। इसमें महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई 47 दिवसीय यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की गई। यात्रा के माध्यम से नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।

यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। ‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर आधारित सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, तैयारियों, नवीन तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने पर विचार-विमर्श होगा।
इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत तथा प्रकृति पथ यात्रा के सदस्य उपस्थित रहे।





