
टिहरी गढ़वाल। मुनि की रेती थाना क्षेत्र में गूलर पुल के पास मंगलवार सुबह एक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। पुलिस के अनुसार हादसे में 9 यात्रियों की मृत्यु हुई है, जबकि 27 घायल यात्रियों को तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस को चौकी गूलर के माध्यम से सुबह 4:50 बजे सूचना मिली कि एक बस पुल से नदी में गिर गई है। सूचना पर थाना मुनि की रेती, थाना नरेंद्र नगर, फायर सर्विस नरेंद्र नगर की आपदा राहत टीम और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से आईटीबीपी की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय एवं निजी अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भिजवाया गया। कुल 27 घायल व्यक्तियों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। बस सुबह करीब 3:15 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। बस को चालक राजेंद्र सिंह (48), पुत्र कुंदन सिंह, निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग चला रहे थे। बस में चालक सहित कुल 34 लोग सवार थे। सुबह करीब 4:50 बजे बस गूलर पुल से लगभग 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में गिर गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में सात यात्रियों की मृत्यु घटनास्थल पर हुई, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मृतकों में विक्की (37), पुत्र सेवाराम, निवासी पावर हाउस, चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश); पुन्नू (55), पुत्र घुंघुरू, निवासी मैखंडी, टिहरी; राज राय, पुत्र द्वारकानाथ राय, निवासी पश्चिम वजीर, जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल); बस चालक राजेंद्र सिंह (48), निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग; तथा बस हेल्पर/परिचालक अनुज भंडारी (27), पुत्र अतर सिंह, निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनि की रेती, टिहरी गढ़वाल शामिल हैं। शेष चार मृतकों की पहचान की कार्रवाई जारी है।
पुलिस द्वारा जारी घायलों की सूची में 25 लोगों के नाम दिए गए हैं। इनमें मोहम्मद वहाब अंसारी (22), छैलापाता, दुमका (झारखंड); राहुल कुमार (24), पटना (बिहार); अभिषेक (28), जसपुर, ऊधमसिंह नगर; प्रत्यूष (23), खटीमा, ऊधमसिंह नगर; अर्जुन सौरन (34), सीलीबुना, दुमका; बुधन मुर्मू (50), ढोडिया, दुमका; आयरा (3) और नूर जहां (26), गुवाहाटी (असम); राजकुमार (32), दुमका; जतिन (21), शाहदरा (दिल्ली); पंकज नेगी (31), धौलतीर, रुद्रप्रयाग; संतोष कुमार (38), जहानाबाद (बिहार); वीरेंद्र सिंह (58), कर्णप्रयाग, चमोली; मुन्ना सिंह (28), दुमका; सागर (21), प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश); खुशी भट्ट (19), मजीर कांडा, पिथौरागढ़; नवीन (31), हल्द्वानी; परेश मराठी, करड़ी, दुमका; आसापंथ (64), हल्द्वानी; पंकज कांडपाल (42), हल्द्वानी; अंजू (32), हल्द्वानी; आर्यन गुप्ता, सुहागपुर (मध्य प्रदेश); रमेश चंद, कोलकाता; दर्शन सिंह, हल्द्वानी; और रामा प्रसाद घोष (62), कोलकाता शामिल हैं।
घायल यात्रियों को एम्स ऋषिकेश में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से पीड़ितों का सामान सुरक्षा की दृष्टि से चौकी गूलर में रखवाया गया है।





