
उत्तरकाशी। पुलिस लाइन उत्तरकाशी में शुक्रवार को भावुक माहौल के बीच जनपद में नियुक्त निरीक्षक श्रीमती भावना कैंथोला को पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नति के उपरांत अल्मोड़ा स्थानांतरण पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में पुलिस परिवार ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान एसपी उत्तरकाशी ने श्रीमती भावना कैंथोला को पुलिस उपाधीक्षक के बैच से अलंकृत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में अपने कार्यकाल के दौरान श्रीमती कैंथोला ने कठिन परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के बीच भी उच्च मनोबल, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके उत्कृष्ट कार्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण की सभी ने सराहना की।

एसपी ने उन्हें नई जिम्मेदारियों, पदोन्नति और अल्मोड़ा में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर साथी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में सीओ श्रीमती भावना कैंथोला ने भावुक होते हुए उत्तरकाशी में बिताए अपने कार्यकाल को याद किया। उन्होंने कहा कि यहां वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और अधीनस्थ कर्मचारियों के निस्वार्थ सहयोग ने उनके कार्य को आसान और सफल बनाया। उन्होंने पूरे पुलिस परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी में बिताया गया समय हमेशा उनके लिए स्मरणीय रहेगा।

समारोह में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, निरीक्षक शिव कुमार, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार, मनोज असवाल, दीपक नौटियाल सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह विदाई समारोह पूरे उत्तरकाशी पुलिस परिवार के लिए भावनात्मक क्षण रहा, जहां एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को सम्मान और शुभकामनाओं के साथ नई जिम्मेदारी के लिए रवाना किया गया।






