
नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता निभाने की सीओ बड़कोट ने की अपील।
पुरोला। नशे के दुष्प्रभावों, महिला अपराधों एवं साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा जनपदभर में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

आज दिनांक को थाना पुरोला पुलिस द्वारा पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट श्री चंचल शर्मा की अध्यक्षता में पुरोला क्षेत्र के सुदूरवर्ती ग्राम नौरी में पुलिस चौपाल आयोजित की गई। चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रति विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक करते हुए युवा पीढ़ी एवं समाज को नशे से दूर रखने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण जनसहभागिता निभाने का आह्वान किया।
चौपाल के दौरान पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला संबंधी अपराधों, महिला एवं बाल अधिकारों से जुड़े कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डायल 112 एवं अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता के संबंध में भी जागरूक किया गया। वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के दृष्टिगत ग्रामीणों को साइबर ठगों से सतर्क रहने, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस चौपाल के दौरान थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, महिला उपनिरीक्षक श्रीमती अक्षु रानी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे







