
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के समीप रविवार को ब्रेक फेल होने से एक टेंपो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय वाहन में गुजरात के 17 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रेवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण नहीं हो सका और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव टीम ने यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे में सभी 17 यात्री सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।


हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों की मदद की। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। ब्रेक फेल होने की तकनीकी वजह भी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।







