Heavy Rain Alert for Uttarakhand
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून द्वारा जारी ताजा मौसम चेतावनी के अनुसार राज्य के कई जिलों में 30 और 31 मई को भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 30 मई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं पर्वतीय जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि तथा अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं। मैदानी क्षेत्रों में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
31 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदियों-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, बीआरओ सहित सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न जाने तथा नदी-नालों के किनारे सतर्क रहने की अपील की है। किसानों को भी फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जून को भी पर्वतीय जिलों में गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी, जबकि इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने के संकेत हैं।





