
हरिद्वार। हरिद्वार के सप्तऋषि चौकी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के नागौर जिले के श्रद्धालुओं से भरी एक बस को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले से आए 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचे थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। सोमवार सुबह सभी श्रद्धालु तीन बसों में सवार होकर वापस राजस्थान लौट रहे थे।
सुबह करीब 7:15 बजे बस संख्या AR06-C-0963 धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रहे डंपर संख्या UK08-CB-8077 ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस कर्मियों ने घायलों को तत्काल जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया।
हादसे में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं समेत कुल 38 लोग घायल हुए हैं। वहीं एक महिला की मौके पर मौत हो गई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है। मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर हरिद्वार से संपर्क किया जा सकता है।





