
देहरादून। लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण देहरादून–मसूरी मुख्य मार्ग पर स्थित पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनज़र देहरादून–मसूरी मार्ग को अगले आदेश तक सभी प्रकार की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इस सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहनों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग का उपयोग न करें तथा वैकल्पिक मार्गों का सहारा लें।

उप जिलाधिकारी, मसूरी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रतिबंध अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।




