
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित धार्मिक एवं पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करना है।
अलकनंदा होटल, हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली प्रशासनिक मार्ग परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास भी किया।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। घाटों का सौंदर्यीकरण, सुरक्षित आवागमन, सुव्यवस्थित सार्वजनिक सुविधाएं तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे का विकास शहर की धार्मिक और पर्यटन पहचान को नई मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गंगा कॉरिडोर से जुड़ी इन परियोजनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और नगर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।



