
उत्तरकाशी। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” एवं “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत उत्तरकाशी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में थाना पुरोला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 जुलाई की रात नौगांव स्थित विल्ला रुद्रेश्वर मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी संख्या UK10A-8168 को रोका। तलाशी में स्कूटी सवार सूरज रावत (26) और कुलदीप रावत (38) निवासी बड़कोट के कब्जे से करीब 15.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4.80 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस के 24 मामलों में 30 नशा तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस दौरान 8 किलोग्राम से अधिक चरस और 80.67 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



