
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं भारतीय वन सेवा (IFS) के कुल 11 वरिष्ठ अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में परिवर्तन किया है। इस संबंध में कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। शासन के अनुसार सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से नवीन दायित्व ग्रहण करेंगे।
जारी आदेशों के अनुसार प्रमुख सचिव ललरिनलियाना फेनई से आबकारी विभाग का प्रभार वापस लिया गया है। वहीं सचिव स्तर पर कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नितेश कुमार झा को सचिव पंचायती राज विभाग, रविनाथ रमन को सचिव परिवहन एवं आयुक्त परिवहन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय को सचिव सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग तथा बुजेश कुमार संत को सचिव आबकारी विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
इसी क्रम में डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय को सचिव गन्ना विकास एवं चीनी विभाग, ज्योति यादव को सचिव विद्यालयी शिक्षा (प्राथमिक एवं माध्यमिक), युगल किशोर पंत को सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग तथा रणवीर सिंह चौहान को सचिव वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन का मानना है कि इन बदलावों से विभिन्न विभागों के कार्यों में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी।
भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों के दायित्वों में भी परिवर्तन किया गया है। आदेश के अनुसार डॉ. पराग मधुकर धकाते से पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है, जबकि अभिषेक रुहेला को अपर सचिव राज्य सम्पत्ति विभाग एवं राज्य सम्पत्ति अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें तथा कार्यभार ग्रहण करने की सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 को उपलब्ध कराएं। यह प्रशासनिक फेरबदल शासन की नियमित व्यवस्था के तहत किया गया है और इससे विभिन्न विभागों के कार्य संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई जा रही है।



