
हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में ‘वाइब्रेंट उत्तराखंड’ के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘हिमालयन एमएसएमई एक्सपो’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। एक्सपो के पहले ही दिन लोगों, व्यापारियों और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न राज्यों से आए स्टॉल्स और आधुनिक तकनीकों के प्रदर्शन ने एक्सपो में पहुंचे लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), कृषि सेक्टर और नए उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और व्यापार की नई संभावनाओं की जानकारी मिल सके। एक्सपो में केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों सहित देश के करीब छह राज्यों से आए विभागों एवं कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं।

प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ सिक्किम, तेलंगाना, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से आए एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर विभागों के उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आयुर्वेदिक, हर्बल, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा प्रोडक्ट्स, कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड, हस्तशिल्प, एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर से जुड़े स्टॉल एक्सपो में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार, एक्सपो के आगामी दिनों में एमएसएमई ग्रोथ, स्टार्टअप्स और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विशेषज्ञ सत्र, सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, उद्यमियों, किसानों और व्यापारियों को आधुनिक तकनीक के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और नए व्यापार की संभावनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

मीडिया से बातचीत करते हुए विवेक चौहान, सेक्रेटरी सिडकुल निर्माता संघ एवं भारती मीडिया एंड इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने एक्सपो की विशेषताओं और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी उत्तराखंड के लोगों, स्थानीय व्यापारियों, युवाओं और नए उद्यमियों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि एक्सपो में उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ देश के लगभग छह राज्यों से आए विभागों और कंपनियों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं।
विवेक चौहान ने बताया कि एक्सपो में आयुर्वेदिक, हर्बल, फूड प्रोसेसिंग, एरोमा प्रोडक्ट्स, कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड, हस्तशिल्प, एग्रीकल्चर और हॉर्टिकल्चर से जुड़े स्टॉल्स प्रमुख आकर्षण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के दौरान विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस शामिल हैं। इनका मुख्य विषय एमएसएमई ग्रोथ, कृषि सेक्टर और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है, ताकि नए व्यापार शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं को सही दिशा मिल सके।
वहीं, सिक्किम सरकार के हॉर्टिकल्चर विभाग की अधिकारी आरती ढकाल ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय मंच से राज्यों के ऑर्गेनिक उत्पादों को पूरे देश के सामने लाने का बड़ा अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस मंच के माध्यम से सिक्किम के ऑर्गेनिक और हॉर्टिकल्चर उत्पादों को देशभर में प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। ऐसे आयोजनों से विभिन्न राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होते हैं और किसानों एवं उद्यमियों को नए बाजार तलाशने में मदद मिलती है।

स्थानीय व्यापारी एवं गुड लिविंग ऑर्गेनिक के निदेशक विकास कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उत्पादों की ब्रांडिंग, नेटवर्किंग और व्यापक पब्लिसिटी का अच्छा अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में इस स्तर के एमएसएमई एक्सपो के आयोजन से स्थानीय छोटे-बड़े व्यापारियों को काफी लाभ पहुंचेगा। इससे स्थानीय उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और पब्लिसिटी के साथ ही अन्य राज्यों के व्यापारिक नेटवर्क से जुड़ने का सीधा अवसर मिल रहा है।
इसके अलावा क्रॉसविंड सॉल्यूशंस-ड्रोन व टेक के रोहन शर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य युवाओं और छात्रों, विशेष रूप से Gen-Z को आधुनिक ड्रोन टेक्नोलॉजी, यूएवी (UAV) और रोबोटिक्स की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि एक्सपो के पहले ही दिन बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने आधुनिक ड्रोन तकनीक और रोबोटिक्स को समझने में काफी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तकनीकों की जानकारी युवाओं के लिए भविष्य में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो में पहले ही दिन उमड़ी भीड़ और विभिन्न राज्यों से आए उत्पादों एवं तकनीकों के प्रति लोगों की दिलचस्पी ने आयोजन की उपयोगिता को स्पष्ट किया है। आने वाले दिनों में होने वाले विशेषज्ञ सत्र, वर्कशॉप और इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एमएसएमई, कृषि, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी और नए अवसर मिलने की उम्मीद है।





