
खजान दास ने गोलज्यू मंदिर में सफाई कर दिलाई स्वच्छता की शपथ, तिलौन में बेटियों और माताओं से जुड़े कार्यक्रमों में की शिरकत
चंपावत। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को चंपावत में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों में जनभागीदारी देखने को मिली। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क पहुंचकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद गोलज्यू मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेकर स्वयं सफाई की और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की।
इसके बाद विकासखंड चंपावत के पुनेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तिलौन में आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन, कन्या जन्मोत्सव और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक विकास और मातृ सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए विभागीय स्तर पर प्राप्त समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने बनबसा में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसी बैठकें होने से स्थानीय मुद्दों और जरूरतों को सीधे नीति निर्माण के केंद्र में लाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर श्याम नारायण पांडे, रोहित बिष्ट, प्रकाश तिवारी, गोविंद सामंत, प्रेमा पांडे, कैलाश अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, आरएस सामंत, प्रकाश सिंह बृजवाल, भरत त्रिपाठी सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





