
डीएम मनीष कुमार ने सुनीं 58 जनसमस्याएं, दिव्यांगों को व्हीलचेयर-श्रवण यंत्र और जरूरतमंदों को छड़ियां वितरित
चम्पावत। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब लोगों को दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को पुलहिण्डोला में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिण्डोला में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही मंच पर सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में कुल 556 लोगों को विभिन्न योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ मिला।
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी और पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व और सहकारिता समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लोगों को मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराईं।
विभागवार स्वास्थ्य विभाग ने 81, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा ने 60, होम्योपैथिक ने 55, पशुपालन ने 52, उद्यान ने 48 और कृषि विभाग ने 25 लाभार्थियों को लाभ दिया। राजस्व विभाग ने 35 लोगों के प्रमाण पत्र बनाए। अन्य विभागों को मिलाकर कुल 556 लाभार्थी लाभान्वित हुए।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए। सड़क, सोलर लाइट, गौशाला और तारबाड़ सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगें रखी गईं। डीएम ने एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान जरूरतमंदों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। दिव्यांग मयंका देवी को व्हीलचेयर, पांच लाभार्थियों को श्रवण यंत्र और पांच लोगों को छड़ी प्रदान की गई। सहकारिता विभाग ने ब्याजमुक्त ऋण योजना के तहत गणेश सिंह, मदन नाथ और सिद्ध बाबा एसएचजी बर्गोली समूह को ऋण के चेक दिए।
डीएम ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में स्वीप के तहत निष्पक्ष निर्वाचन की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर एसडीएम लोहाघाट नीतू डागर, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





