हरिद्वार में राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान राज्य आंदोलनकारी का सम्मान
हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किए गए। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया।
समारोह के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना और प्रदेश की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य ने 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। हरिद्वार जनपद में अब तक एक लाख से अधिक यूसीसी पंजीकरण हो चुके हैं और पंजीकरण के मामले में जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। नीति आयोग के आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में हरिद्वार के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जुलाई 2022 की रिपोर्ट में जनपद ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई।

प्रभारी मंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इनमें लगभग 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया, 22 हजार से अधिक प्रमाण पत्रों के आवेदन प्राप्त हुए और 51 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने ‘मिशन ज्ञान गंगा, हरिद्वार’ को कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की अभिनव पहल बताया।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता की कार्ययोजनाओं पर काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास एवं विस्तार के लिए योग एवं ध्यान, आयुर्वेद अध्ययन, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन तथा ललित कला केंद्र विकसित करने की योजना भी बताई।
जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, लगभग एक लाख 37 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा 10 लाख 40 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत दो लाख 52 हजार लोगों को लाभान्वित किया गया है।

महिला सशक्तिकरण के संबंध में उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के अंतर्गत 32,825 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। इसी अवधि में 69,122 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं तथा पोषण योजना के तहत लगभग दो लाख लाभार्थियों को प्रतिवर्ष लाभ दिया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत जनपद में 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई। मनरेगा के माध्यम से लगभग एक लाख परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। मत्स्य उत्पादन राज्य गठन के समय के 850 क्विंटल से बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत भी लगभग 13 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है।
मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित हरिद्वार बनाने में नागरिकों से सहयोग की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखण्ड बनाना सभी की जिम्मेदारी है।

समारोह में बागवानी, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा, सहकारिता और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और स्वच्छता में योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। मतदाता जागरूकता के लिए जनचेतना मंच ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति एवं अजीत चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, अनीस गौड़, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





