
उत्तरकाशी। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर उत्तरकाशी में आयोजित राज्योत्सव में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। जिला मुख्यालय के प्रेक्षागृह में हुए समारोह में लोक संस्कृति की झलक दिखी और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने लोक परंपराओं एवं लोक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। गोस्वामी गणेश दत्त विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। आयोजन में राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद की विकास पुस्तिका 2026 का विमोचन किया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि राज्योत्सव के कार्यक्रम 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में जारी रहेंगे।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष के कारण उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की झलकियां






फोटो: उत्तरकाशी जिला राज्योत्सव कार्यक्रम







