रुद्रपुर में राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्वलित करते जनप्रतिनिधि
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की 27वीं वर्षगांठ जनपद ऊधम सिंह नगर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता और सुरेश कोली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया तथा मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अतिथियों ने राज्य आंदोलन के दौरान अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का अतिथियों ने विमोचन किया। सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम और स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

विकास पुस्तिका का विमोचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य लंबे संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के बाद अस्तित्व में आया। राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने प्राणों की आहुति दी और अनेक यातनाएं सहीं। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन में मातृशक्ति का योगदान आधारशिला के समान रहा है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य गठन का श्रेय देते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखण्ड की जनभावनाओं का सम्मान किया। राज्य ने 26 वर्षों के सफर में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी से शहीदों के सपनों के अनुरूप चहुंमुखी विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

विधायक ने राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता सहित विभिन्न निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने रुद्रपुर बाईपास, किच्छा में सैटेलाइट एम्स, स्मार्ट औद्योगिक पार्क, रुद्रपुर में फॉरेंसिक विश्वविद्यालय की स्वीकृति, आधुनिक सर्किट हाउस, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार, रेल सेवाओं, सड़क विकास और हेली सेवाओं को प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य बताया।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली ने भी राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण संभव हुआ। वक्ताओं ने राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिए जाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिन अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के साथ पृथक राज्य के लिए संघर्ष किया, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देना होगा। अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, तत्परता और ईमानदारी से दायित्व निभाने की अपील करते हुए उन्होंने इसे शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, शिक्षा, डेयरी, स्वयं सहायता समूह, बाल विकास, पंचायतीराज, उरेडा, सेवायोजन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन, विद्युत, पेयजल, राजस्व, नगर निगम, पर्यटन, श्रम और आयुर्वेद सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों तथा चित्रकला प्रतियोगिता और मैराथन दौड़ के विजेताओं को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, एपीडी रमा गोस्वामी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष गदरपुर मनोज कुमार गम्बर, गुलरभोज के सतीश चुघ, अमित नारंग, भारत भूषण चुघ, सांसद प्रतिनिधि योगेश वर्मा, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू, अनिल चौहान, केके बत्रा, पीसी शर्मा, बलराज सिंह, सुनील चौहान, अवतार सिंह बिष्ट, चन्द्रा पंत, जानकी जोशी, देवकी बिष्ट, कांति भाकुनी, सावित्री जोशी, शिव भाटियां सहित अनेक गणमान्य नागरिक, राज्य आंदोलनकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।







